हैप्पी हत्याकांड का दूसरा आरोपी गिरफ्तार, हत्या में इस्तेमाल तमंचा बरामद
सूर्या संदेश
हरिद्वार!बहादराबाद के चर्चित हैप्पी हत्याकांड में पुलिस ने दूसरे आरोपी इस्तकार उर्फ इस्तयाक को सहारनपुर के छुटमलपुर फ्लाईओवर के पास पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक उसके बताए स्थान से हत्या में इस्तेमाल .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और खून लगी शर्ट मिली है। इस्तकार की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम था।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में इस्तकार ने हैप्पी की हत्या में मुदस्सिर और शादाब के साथ शामिल होने की बात बताई है। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे पुरानी दुश्मनी थी। इस्तकार को शक था कि वर्ष 2022 के एक मामले में हैप्पी ने पुलिस को उसके बारे में जानकारी दी थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक हत्या से पहले तीनों ने 12 सितंबर को उस जगह को देखा था, जहां वारदात हुई। इसके दो दिन बाद 14 सितंबर को पतंजलि रोड पर देव धर्मकांटा के पास हैप्पी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में एक आरोपी को पुलिस पहले ही पकड़कर जेल भेज चुकी है।
इस्तकार के फतेहपुर इलाके में होने की जानकारी मिलने के बाद बहादराबाद पुलिस वहां पहुंची और छुटमलपुर फ्लाईओवर के पास उसे पकड़ लिया। पुलिस अब हत्या में शामिल बताए जा रहे मुदस्सिर और शादाब की तलाश कर रही है।
यूट्यूब के लिए फॉलो करेंhttps://www.youtube.com/@suryasandesh

