वन्यजीव सप्ताह में विद्यार्थियों से वन विभाग का संवाद, वन्यजीवों से जुड़े सवालों पर हुई चर्चा
सूर्या संदेश
श्यामपुर/लालढांग। जंगल में वन्यजीवों का व्यवहार कैसा होता है, उनके आसपास पहुंचने पर किन बातों का ध्यान रखना चाहिए और उन्हें बचाने के लिए क्या किया जा सकता है? वन्यजीव सप्ताह के तहत मंगलवार को डिवाइन कॉलेज एंड पैरामेडिकल साइंसेज, श्यामपुर में आयोजित गोष्ठी में विद्यार्थियों की जिज्ञासा इन सवालों के साथ सामने आई। हरिद्वार वन प्रभाग की श्यामपुर रेंज ने गोष्ठी में विद्यार्थियों से संवाद कर वन्यजीवों के महत्व, उनके संरक्षण और सुरक्षित दूरी बनाए रखने के बारे में जानकारी दी।

वन क्षेत्राधिकारी विवेक जोशी ने विद्यार्थियों को वन्यजीवों के महत्व, जैव विविधता संरक्षण और मानव-वन्यजीव सहअस्तित्व के बारे में बताया। उन्होंने वन्यजीवों के व्यवहार और संरक्षण के साथ उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखने के उपाय भी बताए। विद्यार्थियों को वन्यजीवों के साथ छेड़छाड़ नहीं करने और उनके आसपास सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया गया।

गोष्ठी के दौरान विद्यार्थियों ने वन और वन्यजीव संरक्षण से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे। वन क्षेत्राधिकारी ने उनके सवालों के जवाब सरल और रोचक तरीके से दिए। विद्यार्थियों को प्रकृति और वन्यजीवों के संरक्षण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए भी प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में वन विभाग की ओर से ललित सैनी और मोहित सैनी मौजूद रहे। गोष्ठी का उद्देश्य विद्यार्थियों में वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने और प्रकृति तथा वन्यजीवों के संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।

