श्यामपुर में 100 से अधिक परिवार स्वामित्व कार्ड के हक-हकूक से महरूम

0
IMG-20261008-WA0004

संत रविदास मंदिर के पास के परिवार अब तक वंचित, महज 3-4 मीटर चौड़ी सड़क के पार रहने वालों को मिल चुका है लाभ

सूर्या संदेश
श्यामपुर/लालढांग!हरिद्वार के श्यामपुर में स्वामित्व कार्ड को लेकर दोहरी तस्वीर सामने है। एक तरफ सड़क के दूसरी ओर रहने वाले परिवारों को योजना का लाभ मिल चुका है, वहीं महज तीन से चार मीटर चौड़ी सड़क के इस पार बसे 100 से अधिक परिवार अब तक अपने हक-हकूक से महरूम हैं। संत रविदास मंदिर के पास पुरानी हरिद्वारी रोड से डिवाइन कॉलेज तक के इस हिस्से में रहने वाले परिवारों को आखिर कब उनका हक मिलेगा?


स्थानीय निवासी अशोक कुमार, सुरेंद्र सिंह, बलकरन, मेघराज सिंह, रवि कुमार, सुखलाल और अन्य लोगों का कहना है कि उनके परिवार कई पीढ़ियों से यहां रह रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें स्वामित्व कार्ड नहीं मिले हैं। आसपास के परिवारों को कार्ड मिल जाने के बाद इन परिवारों का वंचित रह जाना उनके लिए चिंता का विषय बना हुआ है।


इस हिस्से में रहने वाले परिवारों में अधिकांश अनुसूचित जाति के हैं, जबकि दो-तीन मुस्लिम परिवार भी यहां रहते हैं। ऐसे में एक ही क्षेत्र में स्वामित्व कार्ड मिलने और न मिलने का यह अंतर कई सवाल खड़े करता है। प्रभावित परिवारों की स्थिति को देखते हुए उनके साथ हुए इस अंतर की वजह स्पष्ट होना जरूरी है।


स्वामित्व कार्ड से वंचित इन परिवारों के लिए सवाल सिर्फ एक दस्तावेज का नहीं, बल्कि अपनी संपत्ति से जुड़े अधिकार का भी है। जब सड़क के दूसरी ओर रहने वाले परिवारों को कार्ड मिल चुके हैं, तो यहां के 100 से अधिक परिवार अब तक इससे महरूम क्यों हैं? उन्हें अपने हक का दस्तावेज कब मिलेगा?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *