त्योहारों पर खलल डालने वालों पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर
सूर्या संदेश
श्यामपुर/लालढांग। त्योहारों पर अमन-चैन कायम रखने और कानून-व्यवस्था में कोई चूक न हो, इसके लिए श्यामपुर पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर कोतवाली क्षेत्र में चंडी घाट से चिड़ियापुर तक हाईवे और संवेदनशील मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। चिड़ियापुर बॉर्डर पर वाहनों को रोककर तलाशी ली जा रही है। पुलिसकर्मी खिड़कियां खुलवाकर वाहनों के भीतर तक पड़ताल कर रहे हैं। कोतवाली प्रभारी नितेश शर्मा भी पुलिस टीम के साथ चेकिंग में जुटे हैं।

अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों, बिना वैध दस्तावेज और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों की जांच की जा रही है। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर भी पैनी नजर रखी जा रही है।
कोतवाली प्रभारी नितेश शर्मा ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के लिए चेकिंग अभियान आगामी दिनों में भी जारी रहेगा।
