बारिश के बीच एआरटीओ परिसर में एक्शन

0
IMG-20260905-WA0049

सूर्या संदेश, समाचार
हरिद्वार। बारिश ने रफ्तार थामने की कोशिश की, लेकिन रोशनाबाद स्थित एआरटीओ कार्यालय में शनिवार को कार्रवाई नहीं रुकी। कार्यालय परिसर और आसपास अनधिकृत रूप से चल रहे ढाबों के साथ कुर्सी-मेज लगाकर बैठे लोगों को हटाया गया तो बिना काम के वहां जुटे लोगों को भी बाहर किया गया। कार्रवाई के बाद अधिकारियों ने दोबारा अनधिकृत गतिविधि मिलने पर एफआईआर की चेतावनी दी।


जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा ने शनिवार को एआरटीओ कार्यालय का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यालय के अलग-अलग अनुभागों में कामकाज, अभिलेखों के रखरखाव, लंबित मामलों और आम लोगों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति देखी गई।


अधिकारियों ने कर्मचारियों को अभिलेख अद्यतन रखने और जनता से जुड़े मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यालय परिसर में साफ-सफाई और अनुशासन बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।


निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर और आसपास अनावश्यक रूप से बैठे लोगों को चेतावनी दी गई कि बिना वैध कार्य के वहां न बैठें और किसी तरह की अनधिकृत गतिविधि में शामिल न हों। दोबारा ऐसी स्थिति मिलने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार एफआईआर दर्ज कराने की बात कही गई।


अधिकारियों ने आम लोगों से परिवहन विभाग से जुड़े कार्य निर्धारित प्रक्रिया के तहत कराने और अनधिकृत व्यक्तियों या बिचौलियों के संपर्क में आने से बचने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *