माउंट त्रिशूल फतह के लिए सेना का पर्वतारोहण दल रवाना
सूर्या संदेश,समाचार
रुड़की। गढ़वाल हिमालय की 7,120 मीटर ऊंची माउंट त्रिशूल चोटी पर चढ़ाई के लिए भारतीय सेना के कोर ऑफ इंजीनियर्स का पर्वतारोहण दल शनिवार को रुड़की स्थित बंगाल इंजीनियर ग्रुप एंड सेंटर से रवाना हुआ।

अभियान का उद्देश्य चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच माउंट त्रिशूल की चोटी तक पहुंचना और कोर ऑफ इंजीनियर्स की पर्वतारोहण परंपरा को आगे बढ़ाना है।
अभियान के लिए दल ने शारीरिक क्षमता, पर्वतारोहण कौशल और ऊंचाई वाले वातावरण के अनुकूलन का विशेष प्रशिक्षण लिया है। ऊंचाई, कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और बदलते मौसम के बीच दल की शारीरिक एवं मानसिक क्षमता की परीक्षा होगी।
समारोह के दौरान अभियान दल के नेता ने तैयारियों की जानकारी दी। इसके बाद अभियान ध्वज सौंपकर दल को औपचारिक रूप से हरी झंडी दिखाई गई। अभियान दल में अनुभवी अधिकारी, जूनियर कमीशंड अधिकारी और जवान शामिल हैं।
समारोह में सेंट्रल कमांड के जीओसी-इन-सी लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता, इंजीनियर-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल विकास रोहेला और बंगाल सैपर्स एंड मिलिट्री सर्वे के कर्नल कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल एसएस दहिया समेत वरिष्ठ सैन्य अधिकारी मौजूद रहे। लेफ्टिनेंट जनरल सेनगुप्ता ने अभियान दल की फिटनेस, मानसिक मजबूती और टीम भावना की सराहना की।

