Oplus_131072
सूर्या संदेश
हरिद्वार। कुंभ और स्नान पर्वों से पहले हरिद्वार में झूलते और बेतरतीब तारों को हटाने की कवायद शुरू हो गई है। अगले 15 दिन में बिजली, टीवी केबल और इंटरनेट के तारों को व्यवस्थित करने का अभियान चलेगा। इसके लिए बिजली विभाग, नगर निगम और केबल-इंटरनेट कंपनियां मिलकर काम करेंगी। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित विभागों और कंपनियों को इसके निर्देश दिए हैं।

जिला कार्यालय में हुई बैठक में जिलाधिकारी ने शहर में झूलते और उलझे बिजली, केबल और इंटरनेट के तारों को व्यवस्थित कराने को कहा। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला और आने वाले स्नान पर्वों को देखते हुए शहर को साफ-सुथरा और सुरक्षित रखना जरूरी है।
जिन इलाकों में बिजली की लाइनें जमीन के नीचे डाली जा चुकी हैं, वहां पुराने और बेकार तार हटाए जाएंगे। इस्तेमाल में आ रहे तारों को एक साथ बांधकर व्यवस्थित किया जाएगा। बिना इस्तेमाल वाले पुराने तार भी हटाए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों और कंपनियों को मिलकर अभियान चलाने और काम की लगातार निगरानी करने को कहा। अगले दो से तीन महीने में शहर के दूसरे इलाकों में भी तारों और केबल के बिखरे जाल को हटाया जाएगा।
झूलते और बेतरतीब तार हादसे का कारण बन सकते हैं। साथ ही इनसे शहर की सुंदरता और सफाई भी प्रभावित होती है।
बैठक में बिजली विभाग, नगर निगम और टीवी केबल व इंटरनेट सेवा प्रदाता कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

