कुंभ से पहले सड़कों और मेला मैदानों की सूरत बदलने में जुटा प्रशासन

0
IMG-20260922-WA0096

सूर्या संदेश
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 से पहले हरिद्वार में सड़कों और मेला मैदानों को तैयार करने का काम तेज हो गया है। प्रमुख मार्गों पर डामर और फुटपाथ का काम चल रहा है तो दूसरी ओर शिविरों, अखाड़ों और पार्किंग के लिए तय मैदानों को समतल किया जा रहा है। मंगलवार को मेलाधिकारी सोनिका ने कई जगह पहुंचकर काम की स्थिति देखी और समय पर काम पूरा करने को कहा।


शंकराचार्य चौक से कनखल थाना होते हुए देशरक्षक तिराहे तक सड़क पर करीब 3.93 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। यहां सड़क पर डामर बिछाने के साथ फुटपाथ बनाया जा रहा है। बंगाली मोड़ से झंडा चौक, श्री यंत्र मंदिर और बूढ़ी माता मंदिर तक सड़क सुधार के लिए करीब 3.94 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।


आईरिस सेतु से बैरागी कैंप, विश्व कल्याण आश्रम और मातृ सदन आश्रम होते हुए ज्वालापुर-लक्सर-पुरकाजी हाईवे को जोड़ने वाली करीब 6.74 किलोमीटर सड़क को भी करीब 3.91 करोड़ रुपये से दोबारा तैयार किया जा रहा है। मेलाधिकारी ने इस काम को भी मौके पर जाकर देखा।


सड़कों के काम के दौरान पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ को सुरक्षित और आसान रखने के निर्देश दिए गए। सड़क किनारे रखे बिजली के खंभे, निर्माण सामग्री और दूसरी रुकावटें हटाने को भी कहा गया, ताकि आने-जाने में परेशानी न हो। एडमिन रोड के काम के साथ आईरिस पुल के पास सड़क के जोड़ को बेहतर करने के लिए भी जरूरी काम कराने के निर्देश दिए गए।


इसके बाद बैरागी कैंप में कुंभ के लिए तैयार किए जा रहे मैदानों को देखा गया। यहां शिविरों, अखाड़ों और पार्किंग के लिए तय जमीन को समतल करने का काम चल रहा है। इन जगहों तक आसानी से पहुंचने के लिए जरूरत के मुताबिक अस्थायी अंदरूनी सड़कें भी बनाई जानी हैं।


मेलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि सड़क और मैदान तैयार करने से जुड़े काम में देरी नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान पीआईयू के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुश, लोनिवि के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *