कोटद्वार में पोषण मेले में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई, बच्चों का अन्नप्राशन और लक्ष्मी किट वितरण

सूर्या संदेश
कोटद्वार। “जच्चा और बच्चा देश का भविष्य हैं।” विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण ने बुधवार को राष्ट्रीय पोषण माह के तहत आयोजित महिला एवं बाल पोषण मेले में महिलाओं और बच्चों के खान-पान पर खास ध्यान देने की बात कही। उन्होंने स्थानीय और पारंपरिक खाद्य पदार्थों को रोज के भोजन में शामिल करने की अपील की।
कोटद्वार-नजीबाबाद रोड स्थित रोटरी क्लब के सभागार में महिला एवं बाल विकास विभाग और रोटरी क्लब की ओर से आयोजित मेले में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कराई गई। बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया और लक्ष्मी किट बांटी गईं। महिलाओं और बच्चों को खान-पान, साफ-सफाई और पौष्टिक भोजन के बारे में भी जानकारी दी गई।
ऋतु खंडूड़ी ने कहा कि गर्भवती और दूध पिलाने वाली महिलाओं के खान-पान पर खास ध्यान देना चाहिए। बच्चों के शरीर और दिमाग के सही विकास के लिए भोजन में जरूरी पोषण होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्थानीय और पारंपरिक खाद्य पदार्थ पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। इन्हें रोज के भोजन में शामिल कर महिलाओं और बच्चों के पोषण को बेहतर बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा शशि बाला केष्टवाल, मंडल अध्यक्ष विकासदीप मित्तल, सीडीपीओ शशि भट्ट समेत महिला एवं बाल विकास विभाग के कर्मचारी और रोटरी क्लब के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे। संचालन उषा गोस्वामी ने किया।

