कांगड़ी फ्लाईओवर पर डिवाइडर से टकराकर पलटा डाक पार्सल वाहन
आगे चल रही गाड़ी को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा, चालक-परिचालक मामूली घायल
सूर्या संदेश
श्यामपुर/लालढांग। नजीबाबाद से हरिद्वार की ओर जा रहा डाक पार्सल का पिकअप वाहन गुरुवार की रात करीब 8:15 बजे कांगड़ी फ्लाईओवर पर आगे चल रही गाड़ी को बचाने के प्रयास में डिवाइडर से टकराकर पलट गया। हादसे में वाहन चालक और परिचालक के मामूली रूप से घायल होने की जानकारी है। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, कांगड़ी की तरफ फ्लाईओवर के आधे हिस्से में फिलहाल निर्माण कार्य चल रहा है। इसके चलते फ्लाईओवर के एक हिस्से में भारी-भरकम सीमेंट के डिवाइडर लगाए गए हैं। डिवाइडरों के कारण यातायात सीमित जगह से दो हिस्सों में चल रहा है और सड़क संकरी हो गई है। इससे वाहनों की आवाजाही के दौरान हादसे का खतरा बना रहता है। कुछ दिन पहले भी इसी संकरे मार्ग पर एक ही दिशा में चल रही दो गाड़ियां आपस में भिड़ गई थीं।

हालांकि, डिवाइडर लगाए जाने का एक सकारात्मक पहलू भी सामने आया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, डिवाइडर लगाए जाने से पहले इस मार्ग पर आए दिन हादसे होते थे और कई लोगों की जान जा चुकी है। डिवाइडर लगाए जाने के बाद से कम से कम जानलेवा हादसों पर काफी हद तक अंकुश लगा है।

