हरिद्वार में पंचायत के 17 रिक्त पदों पर उपचुनाव, 30 सितंबर से नामांकन

0
IMG-20260926-WA0044

बहादराबाद, रुड़की, भगवानपुर, नारसन और लक्सर में होंगे चुनाव; 12 अक्टूबर को मतदान, 14 को मतगणना

सूर्या संदेश
हरिद्वार। हरिद्वार जिले के पांच ब्लॉकों में पंचायत के 17 रिक्त पदों पर उपचुनाव होगा। इनमें ग्राम पंचायत सदस्य के 14 और ग्राम प्रधान के तीन पद शामिल हैं। 30 सितंबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। 12 अक्टूबर को सुबह आठ से शाम पांच बजे तक मतदान होगा, जबकि 14 अक्टूबर को मतगणना कराई जाएगी।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, अलग-अलग कारणों से रिक्त हुए इन पदों में मृत्यु, त्यागपत्र, नामांकन न होना और न्यायालय के आदेश समेत अन्य कारण शामिल हैं। उपचुनाव बहादराबाद, रुड़की, भगवानपुर, नारसन और लक्सर ब्लॉक में कराया जाएगा।


भगवानपुर में सबसे ज्यादा छह पदों पर चुनाव होगा। यहां ग्राम पंचायत सदस्य के पांच और ग्राम प्रधान का एक पद रिक्त है। लक्सर में ग्राम पंचायत सदस्य के तीन और ग्राम प्रधान के दो, बहादराबाद में ग्राम पंचायत सदस्य के दो, नारसन में तीन और रुड़की में एक पद पर उपचुनाव होगा।


नामांकन 30 सितंबर और एक अक्टूबर को सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक होगा। तीन अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। चार अक्टूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। पांच अक्टूबर को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।


इसके बाद 12 अक्टूबर को मतदान होगा। 14 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी। नामांकन, नाम वापसी, चुनाव चिन्ह आवंटन, मतदान और मतगणना की प्रक्रिया संबंधित क्षेत्र पंचायत मुख्यालयों पर होगी।


जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को चुनाव की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *