रुड़की में निकलेगी सेवा ज्योति-मशाल यात्रा, चौराहे पर स्थापित होगी मशाल
Oplus_131072
डीएवी कॉलेज से बीएसएम कॉलेज तक होगा आयोजन, ‘विकसित भारत संकल्प सेवा चौक’ के रूप में विकसित करने की तैयारी
सूर्या संदेश
हरिद्वार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को रुड़की में सेवा ज्योति एवं मशाल यात्रा निकाली जाएगी। सुबह नौ बजे डीएवी कॉलेज से शुरू होने वाली यात्रा बीएसएम कॉलेज तक जाएगी। यात्रा के बाद चिह्नित चौराहे पर मशाल स्थापित की जाएगी। भाजपा की योजना इस स्थान को भविष्य में ‘विकसित भारत संकल्प सेवा चौक’ के रूप में विकसित करने की है।

मंगलवार को होटल सिटी प्राइड में हरिद्वार विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं और पार्षदों की बैठक में कैबिनेट मंत्री एवं विधायक मदन कौशिक ने कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में रुड़की पहुंचने का आह्वान किया।
मदन कौशिक ने बताया कि कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं को मिलेगा। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी मार्गदर्शन प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर भाजपा देशभर में सेवा संकल्प अभियान चला रही है।
नगर निगम मेयर किरण जैसल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जीवन देश सेवा को समर्पित रहा है। उनके विचारों से प्रेरणा लेकर सभी को कार्यक्रम में शामिल होना चाहिए।
बैठक में जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट, विधायक प्रतिनिधि राजकुमार अरोड़ा, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष महिला मोर्चा अनु कक्कड़ और जिला उपाध्यक्ष तरुण नय्यर समेत भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और पार्षद मौजूद रहे।

