‘हाथी मेरे साथी’ विषय ने खींचा छात्रों का ध्यान, वन्यजीव सप्ताह में हुई खास प्रतियोगिता
सूर्या संदेश
श्यामपुर/लालढांग। हाथियों के व्यवहार और उनके संरक्षण को समझने के साथ ही मानव-हाथी संघर्ष कम करने के उपायों पर श्यामपुर के स्कूली विद्यार्थियों ने अपने विचार साझा किए। मौका था वन्यजीव सप्ताह के तहत राजकीय इंटर कॉलेज श्यामपुर में आयोजित भाषण प्रतियोगिता और वन्यजीव जागरूकता कार्यक्रम का।

बुधवार को श्यामपुर रेंज की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। ‘हाथी मेरे साथी’ विषय पर विद्यार्थियों ने हाथियों के संरक्षण, उनके व्यवहार और जंगल में उनकी भूमिका से जुड़े विचार सामने रखे। प्रतियोगिता के जरिए विद्यार्थियों ने वन्यजीवों को समझने और उनके प्रति जिम्मेदार रवैया अपनाने का संदेश भी दिया।

कार्यक्रम में वन क्षेत्राधिकारी श्यामपुर विवेक जोशी ने विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने हाथियों के व्यवहार और जंगल के लिए उनके महत्व के बारे में जानकारी दी। साथ ही मानव-हाथी संघर्ष की घटनाओं को कम करने के लिए बरती जाने वाली सावधानियों और जरूरी उपायों के बारे में बताया।
जोशी ने कहा कि वन्यजीवों और उनके रहने की जगह को सुरक्षित रखने में वन विभाग के साथ स्थानीय लोगों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके संरक्षण के लिए जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम में कल्याण सिंह बिष्ट, दीपांशु सैनी, मोहित सैनी और ललित सैनी समेत श्यामपुर रेंज का स्टाफ मौजूद रहा।

