मतदाता सूची की फिर होगी जांच, छूटे नाम जुड़ेंगे, गलत नाम हटेंगे
8 से 10 अक्टूबर तक हर बूथ पर विशेष कैंप, 12 से 20 तक घर-घर पहुंचकर होगी पड़ताल
सूर्या संदेश
हरिद्वार। मतदाता सूची में दर्ज नामों को लेकर एक बार फिर पड़ताल होने जा रही है। इस बार सवाल सिर्फ यह नहीं होगा कि किसका नाम छूट गया, बल्कि यह भी देखा जाएगा कि सूची में दर्ज नाम सही हैं या नहीं। 8 से 10 अक्टूबर तक हर बूथ पर विशेष कैंप लगाकर मतदाता सूची की जांच की जाएगी। छूटे नाम जुड़वाने के साथ ऐसे नामों को हटाने के लिए भी दावा-आपत्ति की जा सकेगी, जो सूची में नहीं होने चाहिए।

इसके बाद 12 से 20 अक्टूबर तक बीएलओ और राजनीतिक दलों के बीएलए-2 घर-घर पहुंचकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। इस दौरान हाल में मतदाता सूची में जोड़े गए नामों की भी जांच होगी। किसी का नाम छूटा है तो फॉर्म-6 के जरिए उसे सूची में शामिल कराया जा सकेगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बुधवार को एनआईसी सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने दलों के प्रतिनिधियों से बूथ स्तर पर मतदाता सूची की गंभीरता से जांच करने और बीएलए के जरिए सक्रिय सहयोग करने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि कोशिश है कि जिसका नाम मतदाता सूची में होना चाहिए, वह नाम दर्ज होने से रह न जाए। साथ ही ऐसे नामों की भी पहचान हो, जिन्हें सूची में नहीं होना चाहिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार, आम आदमी पार्टी के प्रवीण कुमार सिंह, मोहन गुप्ता, सीपीआईएम के राजीव गर्ग, सहायक निर्वाचन अधिकारी अरुणेश पैन्यूली समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

