नशे के खिलाफ रेडियो डिवाइन ने शुरू की ‘नशा छोड़ो, जिंदगी जोड़ो’ मुहिम

0
IMG_20261007_171441

Oplus_131072

सूर्या संदेश
हरिद्वार। नशे की गिरफ्त में फंसती जिंदगी को बचाने के लिए रेडियो डिवाइन 90.4 एफएम, हरिद्वार ने ‘नशा छोड़ो, जिंदगी जोड़ो’ मुहिम शुरू की है। मुहिम के जरिए युवाओं को नशे से दूर रखने के साथ नशे की लत से जूझ रहे लोगों को इससे बाहर निकलने के लिए सही मदद और रास्ते की जानकारी देने का प्रयास किया जाएगा।


बुधवार को ज्वालापुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के साथ मुहिम की शुरुआत हुई। स्वास्थ्य कर्मियों, स्थानीय लोगों और युवाओं को नशे से होने वाले नुकसान के बारे में बताया गया। साथ ही समझाया गया कि नशा सिर्फ शरीर को ही नहीं तोड़ता, बल्कि इसका असर घर की खुशियों, रिश्तों और आर्थिक स्थिति पर भी पड़ता है।


कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने नशे से दूर रहने और परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके खिलाफ जागरूक करने की शपथ ली। युवाओं को खास तौर पर नशे से होने वाले शारीरिक और मानसिक नुकसान की जानकारी दी गई।


वक्ताओं ने कहा कि नशे की लत एक व्यक्ति की समस्या बनकर नहीं रहती। धीरे-धीरे इसकी चोट पूरे परिवार तक पहुंचती है। स्वास्थ्य खराब होने के साथ घर में तनाव और विवाद, पैसों की परेशानी और लोगों से दूरी बढ़ने जैसी मुश्किलें भी सामने आ सकती हैं।


रेडियो डिवाइन की टीम ने कहा कि रेडियो की आवाज केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। लोगों तक जरूरी जानकारी पहुंचाने और समाज में अच्छे बदलाव लाने में भी इसकी अहम भूमिका हो सकती है। इसी सोच के साथ ‘नशा छोड़ो, जिंदगी जोड़ो’ मुहिम के जरिए नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश लोगों तक पहुंचाया जाएगा।


मुहिम में नशे की लत से जूझ रहे लोगों को हतोत्साहित करने के बजाय उन्हें सहारा देने पर जोर दिया जाएगा। टीम ने कहा कि परिवार, समाज और विशेषज्ञों की मदद मिले तो नशे से बाहर निकलना संभव है। नशा छोड़ना जिंदगी से पीछे हटना नहीं, बल्कि जिंदगी को फिर से अपने हाथ में लेने की शुरुआत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *