त्योहारों से पहले पुलिस अलर्ट, श्यामपुर से लालढांग तक बैंको और ज्वेलरी शॉप पर चेकिंग
सूर्या संदेश
श्यामपुर/लालढांग। बाजार में ज्वेलरी शॉप से लेकर बैंक तक, त्योहारों के दौरान लोगों की बढ़ती आवाजाही के बीच हरिद्वार पुलिस ने सुरक्षा का पहरा कड़ा कर दिया है। श्यामपुर से लालढांग तक कोतवाली श्यामपुर की पुलिस टीम बैंकों, ज्वेलरी शॉप और अन्य संवेदनशील प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था जांचती नजर आई। पुलिस ने आसपास की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ संदिग्ध लोगों की भी जांच की।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जिलेभर में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। त्योहारों के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर कोई अपराधी वारदात न कर सके, इसके लिए पुलिस संवेदनशील जगहों पर निगरानी बढ़ा रही है। खासकर बैंक और ज्वेलरी शॉप जैसे प्रतिष्ठानों पर सुरक्षा इंतजामों की जांच की जा रही है।

पुलिस ने व्यापारियों और आम लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। किसी दुकान, बैंक या बाजार में कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

