पुल की मंजूरी पर लालढांग में जश्न, फूल-मालाओं से हुआ विधायक अनुपमा रावत का स्वागत

0
IMG20261013134121

पुल की मंजूरी पर जश्न के बीच विधायक अनुपमा रावत का भाजपा पर जनता को गुमराह करने का आरोप,

सूर्या संदेश
  श्यामपुर/लालढांग। रवासन नदी पर पुल निर्माण को वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद मंगलवार को लालढांग में जश्न का माहौल रहा। विधायक अनुपमा रावत की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैंप कार्यालय से गांधी चौक तक मार्च निकाला। गांधी चौक पर विधायक का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। इसके बाद मिठाइयां बांटकर खुशी मनाई गई।


कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुरजीत लहरी ने कहा कि रवासन नदी पर पुल की वित्तीय स्वीकृति मिलना क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी उपलब्धि है। पुल की मांग को लेकर ग्रामीण लंबे समय से संघर्ष कर रहे थे। स्थानीय विधायक ने भी इस मांग को सरकार और संबंधित विभागों के स्तर पर लगातार उठाया और स्वीकृति के लिए प्रयास किए। वित्तीय स्वीकृति मिलने से क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा है।


विधायक अनुपमा रावत ने नौ सितंबर 2026 को ग्रामीणों के साथ रवासन नदी पर सांकेतिक धरना देकर मुख्यमंत्री से पुल निर्माण के लिए तत्काल वित्तीय स्वीकृति देने की मांग की थी। उन्होंने बताया कि पुल की मांग को लेकर आंदोलन किया और सरकार को दस दिन का अल्टीमेटम भी दिया था। विधायक के मुताबिक, अल्टीमेटम के बाद लोक निर्माण विभाग के अधिकारी ने फोन कर पुल निर्माण के लिए जरूरी स्वीकृति और एनओसी मिलने की जानकारी दी। इसके बाद अधिकारी स्वीकृति पत्र लेकर पहुंचे।


विधायक ने बताया कि पुल निर्माण के लिए वन विभाग की एनओसी हासिल करने को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री और संबंधित विभागों के अधिकारियों से लगातार पत्राचार और बातचीत की। मीडिया ने भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद पीडब्ल्यूडी ने पुल निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है।


पुल की मंजूरी को लेकर विधायक अनुपमा रावत ने भाजपा पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि रवासन नदी पर पुल के लिए उनके प्रस्ताव पर वन विभाग की एनओसी मिली और इसके बाद ही शासनादेश जारी हुआ। विधायक ने कहा कि पुल की मंजूरी के पीछे क्षेत्र की जनता का लंबा संघर्ष और उनकी ओर से सरकार व संबंधित विभागों के स्तर पर किए गए लगातार प्रयास रहे हैं।

विधायक हरिद्वार ग्रामीण अनुपमा रावत

विधायक ने नदी में हुए हादसों का जिक्र करते हुए कहा कि एक नौजवान नदी में बहकर लापता हो गया, जबकि 14 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। इन दुखद घटनाओं के बाद पुल निर्माण का सपना साकार होते देख उन्हें खुशी के साथ पीड़ा भी है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह पुल क्षेत्र के लोगों के लिए जीवनदायिनी साबित होगा। विधायक ने पुल के लिए क्षेत्र की जनता के लंबे संघर्ष और अपने प्रयासों के योगदान का भी जिक्र किया।


विधायक ने पीली पड़ाव से मीठीबेरी को जोड़ने वाले मार्ग के बारे में बताया कि सड़क निर्माण के लिए पीडब्ल्यूडी ने वन विभाग को धनराशि हस्तांतरित कर दी है और जल्द ही काम शुरू होने की उम्मीद है।


कार्यक्रम में शैलेन्द्र पाठक, टीकाराम सैनी, विजेंद्र सैनी, सद्दाम, यूसुफ, हनीफ, टीकम, अर्जुन, गौरव ठाकुर, हक्कीमुला उसमानी, खेम सिंह और पूर्व प्रधान दीपक सैनी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *