स्कूल के नीचे पाइपलाइन में बार-बार लीकेज, बच्चों की सुरक्षा पर खतरा
मंगोलपुरा के प्राथमिक विद्यालय के भवन को नुकसान पहुंचने का डर, प्रधानाध्यापिका ने अधिकारियों से लगाई गुहार
सूर्या संदेश
श्यामपुर/लालढांग। मंगोलपुरा के राजकीय प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्कूल के मुख्य भवन के नीचे बिछी पानी की पाइपलाइन बार-बार लीक हो रही है। लगातार पानी रिसने से भवन को नुकसान पहुंचने का डर है। इस समस्या को दूर कराने के लिए अब विद्यालय की प्रधानाध्यापिका को उप शिक्षा अधिकारी से गुहार लगानी पड़ी है।
प्रधानाध्यापिका ममता रानी ने उप शिक्षा अधिकारी, बहादराबाद को पत्र देकर बताया कि स्कूल के मुख्य भवन के नीचे उत्तराखंड जल संस्थान की पाइपलाइन बिछी हुई है। इसमें बार-बार लीकेज होने की जानकारी जल संस्थान के अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन समस्या दूर नहीं हुई है।

प्रधानाध्यापिका के मुताबिक, जल संस्थान के अधिकारियों का कहना है कि पाइपलाइन की मरम्मत पर होने वाला खर्च शिक्षा विभाग को उठाना होगा। इस वजह से पाइपलाइन ठीक नहीं होने और लगातार पानी रिसने से स्कूल भवन को नुकसान पहुंचने का खतरा बना हुआ है।
उन्होंने उप शिक्षा अधिकारी से मांग की है कि जल संस्थान के अधिकारियों से पाइपलाइन ठीक कराने के लिए कहा जाए, ताकि समय रहते समस्या दूर हो सके और स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को किसी तरह के खतरे का सामना न करना पड़े।

