स्कूल के पास झुके पेड़, बच्चों पर मंडरा रहा हादसे का खतरा
Oplus_131072
नौकी-दासोंवाली के राजकीय प्राथमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी के पास खड़े हैं पुराने यूकेलिप्टस के पेड़, पहले शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप
सूर्या संदेश
श्यामपुर/लालढांग। नौकी-दासोंवाली के राजकीय प्राथमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी में पढ़ने वाले बच्चों पर पेड़ों के गिरने का खतरा मंडरा रहा है। विद्यालय भवन के ठीक पास खड़े पुराने यूकेलिप्टस के कुछ पेड़ काफी ऊंचे और कमजोर हैं। इनमें से कुछ एक ओर झुके हुए हैं, जिससे कभी भी हादसे की आशंका बनी हुई है।
लगातार बारिश के कारण पेड़ों की जड़ें कमजोर होने की आशंका ने खतरा और बढ़ा दिया है। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा के लिए समय रहते कदम उठाना जरूरी है।
विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मनोज नौटियाल, सचिव नाजिया और अध्यापक रियाज अली व दीपक कुमार ने वन विभाग से पेड़ों का मौके पर निरीक्षण कर जरूरी कटाई-छंटाई कराने की मांग की है।
उनका कहना है कि इस समस्या को लेकर पहले भी प्रार्थना पत्र दिया जा चुका है, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आशंका जताई कि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो पेड़ों के गिरने से बच्चों की जान जोखिम में पड़ सकती है।

