विकास कार्यों का झूठा श्रेय लेने में जुटी कांग्रेस विधायक: स्वामी यतीश्वरानंद
जमालपुर कलां में साढ़े चार साल से खराब सड़कों का निर्माण शुरू, पांच हजार की आबादी थी प्रभावित
सूर्या संदेश
जमालपुर। जमालपुर कलां में साढ़े चार साल से खराब सड़कों का निर्माण शुरू कराने के दौरान भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कांग्रेस विधायक पर विकास कार्यों का झूठा श्रेय लेने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही विधायक उनके कार्यकाल में शुरू कराए गए कार्यों का श्रेय लेने और विकास कार्यों के बोर्ड बदलने में जुट गई हैं।
बुधवार को यतीश्वरानंद ने दयाल एन्क्लेव, रमा विहार और रुद्र विहार मुख्य मार्ग पर सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि सड़क नहीं बनने से करीब पांच हजार की आबादी प्रभावित थी। इस समस्या को देखते हुए उन्होंने खनन विकास निगम के माध्यम से निर्माण कार्य शुरू कराया।

हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों का श्रेय लेने को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी खींचतान चल रही है। यतीश्वरानंद ने आरोप लगाया कि कांग्रेस विधायक चुनाव नजदीक आने पर पुराने कार्यों का श्रेय लेने में जुट गई हैं। उन्होंने कहा कि संभव है कि सड़क चलने लायक होने पर विधायक इसका भी रिबन काट दें। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र के लोगों को सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान, मंडल अध्यक्ष विवेक चौहान, डॉ. प्रदीप चौधरी, नाथीराम चौधरी, मास्टर धर्मेंद्र चौहान, डॉ. मनमोहन, प्रमोद चौहान, तिलकराम सैनी, सुधीर ठाकुर, महक सिंह, अभिषेक, विपिन चौधरी, राजदीप सिंह, जोगेंद्र जौनी, मोहित ठाकुर और लवी चौधरी मौजूद रहे।

