कुंभ-2027 की तैयारियों में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा पर जोर
Oplus_131072
सूर्या संदेश
हरिद्वार। कुंभ-2027 में श्रद्धालुओं की भीड़ संभालने, भगदड़ रोकने और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने अधिकारियों को समय से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्किंग स्थलों से प्रमुख घाटों तक शटल बसें चलाने और आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए वैकल्पिक रास्ते तैयार रखने को कहा।

गुरुवार को मेला नियंत्रण भवन में हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने रेलवे स्टेशनों पर भगदड़ की आशंका रोकने के लिए ट्रेन रवाना होने से ठीक पहले प्लेटफॉर्म बदलने जैसे अचानक बदलावों से बचने के निर्देश दिए। सड़कों, पुलों और घाटों के निर्माण कार्य समय पर पूरे करने, उनकी गुणवत्ता जांचने और रोप-वे की सुरक्षा जांच कराने को भी कहा।
श्रद्धालुओं के इलाज के लिए अस्पतालों, एंबुलेंस, दवाओं, चिकित्सा उपकरणों और स्वास्थ्यकर्मियों की पर्याप्त व्यवस्था करने तथा संक्रामक बीमारियों की रोकथाम पर जोर दिया गया। साफ पेयजल, शौचालयों की नियमित सफाई, कूड़े और गंदे पानी की निकासी तथा बिजली और दूरसंचार सेवाएं चालू रखने के निर्देश भी दिए गए। घाटों पर बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए रैंप तथा कपड़े बदलने के कमरे उपलब्ध कराने को कहा गया।
मेलाधिकारी सोनिका ने बताया कि ज्यादातर निर्माण कार्य तय समय के अनुसार चल रहे हैं। महाराज ने कहा कि कुंभ के लिए तैयार की जा रही सुविधाओं का लाभ हरिद्वार को पूरे साल मिलना चाहिए।

