कुंभ-2027 की तैयारी: 160 एनसीसी कैडेट्स को दिया भीड़ नियंत्रण का प्रशिक्षण

KUMBH27_NCC_CCT_01.jpg

Oplus_131072

सूर्या संदेश,
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 के मद्देनजर उत्तराखंड प्रशासनिक अकादमी, नैनीताल की ओर से गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में आयोजित प्रशिक्षण कार्यशाला में 160 एनसीसी कैडेट्स को आपदा प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण के गुर सिखाए गए। कार्यशाला में इंडियन रेडक्रॉस उत्तराखंड के चेयरमैन प्रो. डॉ. नरेश चौधरी ने कैडेट्स को बड़े आयोजनों में भीड़ प्रबंधन की चुनौतियों और उनसे निपटने के उपाय बताए।


गुरुवार को डॉ. चौधरी ने कहा कि कुंभ और कांवड़ मेले जैसे बड़े आयोजनों में भीड़ प्रबंधन के लिए पूर्व तैयारी, पर्याप्त संसाधन और सतर्कता जरूरी है। पूर्व की घटनाओं से सबक लेकर व्यवस्थागत कमियों को दूर करने और जनजागरूकता बढ़ाने से हादसों को रोकने में मदद मिल सकती है। उन्होंने कहा कि कुंभ-2027 के प्रमुख स्नान पर्वों पर प्रशिक्षित स्वयंसेवक मेला प्रशासन के साथ सहयोग करेंगे।


कार्यशाला में उत्तराखंड प्रशासनिक अकादमी के आपदा प्रकोष्ठ प्रभारी एवं कोर्स निदेशक डॉ. ओम प्रकाश ने भी कैडेट्स को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया। अकादमी की ओर से डॉ. नरेश चौधरी को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया।