श्यामपुर कोतवाली में परेड ऑफ यूनिटी, ग्रामीणों ने भी ली राष्ट्रीय एकता की शपथ

ekta-diwas-shyampur.jpg

सूर्या संदेश,
श्यामपुर/लालढांग। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को कोतवाली श्यामपुर में परेड ऑफ यूनिटी का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और विद्यार्थियों ने भी राष्ट्रीय एकता और अखंडता की शपथ ली।


कोतवाली प्रभारी नितेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने परेड में हिस्सा लिया। वहीं गुजरात में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम और परेड का कोतवाली परिसर में प्रोजेक्टर एवं स्क्रीन के माध्यम से लाइव प्रसारण किया गया। उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन भी सुना।


कार्यक्रम में ग्राम प्रधानों, स्कूली छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता बनाए रखने के साथ देश के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन का संकल्प लिया।


इस आयोजन का उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ युवाओं में राष्ट्रभक्ति, एकता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना रहा। इस दौरान आपसी सौहार्द बनाए रखने का संदेश भी दिया गया।


उल्लेखनीय है कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। उनके योगदान की स्मृति में प्रतिवर्ष 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जाता है।


इस अवसर पर चंडीघाट चौकी प्रभारी देवेंद्र तोमर, लालढांग चौकी प्रभारी गगन मैठाणी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजीत कंडारी, चिड़ियापुर चौकी प्रभारी रविंद्र गॉड, हेड कांस्टेबल पंकज देवली, कांस्टेबल मनमोहन सैनी, ग्राम प्रधान कमलेश द्विवेदी, एसपीओ अर्जुन, राजवीर, संजय सैनी और राजन चौहान सहित पुलिसकर्मी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।