गुरुकुल कांगड़ी में बवाल, मारपीट के चार आरोपी गिरफ्तार

gurukul-kangri-arrest.jpg

सूर्या संदेश,
हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में अपनी मांगों को लेकर कई दिनों से धरने पर बैठे लोगों और विश्वविद्यालय प्रशासन के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। धरने के दौरान विश्वविद्यालय के कुलसचिव के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कनखल पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।


सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ लोग कुलसचिव को जमीन पर गिराकर मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि वायरल वीडियो की सत्यता की सूर्या संदेश स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।

गुरुकुल कांगड़ी में मारपीट का वायरल वीडियो


बताया जा रहा है कि धरने पर बैठे लोगों को कुलसचिव की ओर से कुछ सुझाव दिए गए थे। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और उनके साथ मारपीट की गई।


विश्वविद्यालय में कई दिनों से जारी धरने की मांगों और कुलसचिव के साथ हुए विवाद की पूरी पृष्ठभूमि अभी स्पष्ट नहीं है। मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन का पक्ष सामने आने के बाद ही विवाद की वजह को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।


गिरफ्तार आरोपियों में रजनीश भारद्वाज, नरेंद्र मलिक, ओमबीर सिंह और उमाशंकर शामिल हैं। चारों गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय, कनखल के निवासी बताए गए हैं।


पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई। कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह, अपर उपनिरीक्षक मुन्ना नेगी और हेड कांस्टेबल संजय धनाई शामिल रहे।