हरिद्वार में वारदात के बाद गांव भागा आरोपी, कनखल पुलिस रात में ही पहुंच गई बिजनौर
सूर्या संदेश
हरिद्वार। इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई, बातें बढ़ीं और फिर मिलने का दबाव बनने लगा। नाबालिग को शायद अंदाजा भी नहीं था कि सोशल मीडिया से शुरू हुई यह पहचान उसे मुसीबत में डाल देगी।
आरोप है कि युवक घर में किसी के नहीं होने पर पहुंचा और नाबालिग से दुष्कर्म किया। इसके बाद फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने लगा। बात किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
बुधवार को नाबालिग की मां ने कनखल कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। आरोपी की तलाश शुरू हुई तो उसके बिजनौर स्थित गांव में होने की जानकारी मिली। कनखल पुलिस ने देर नहीं की और रात में ही टीम बिजनौर के लिए रवाना कर दी।
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार को थाना रेहड़ क्षेत्र के ग्राम नारायणवाला, जिला बिजनौर निवासी अजय उर्फ गोलू पुत्र बीरेन्द्र कुमार को बिजनौर से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ आवश्यक अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

