हाईवे से जुड़ा गांव, रास्ता गड्ढों में गुम

0
image_cacd1462

करीब 15 साल से सड़क की दोबारा नहीं ली गई सुध, सजनपुर पीली के लिए यही मुख्य संपर्क मार्ग

सूर्या संदेश
श्यामपुर/लालढांग। सजनपुर गांव हाईवे से जुड़ा है, लेकिन हाईवे तक पहुंचने वाला रास्ता ही अब सवाल बन गया है। ग्राम पंचायत सजनपुर पीली के सजनपुर गांव का मुख्य संपर्क मार्ग जगह-जगह गड्ढों से भर चुका है। करीब 15 साल पहले बनी इस सड़क की इसके बाद से दोबारा सुध नहीं ली गई।


नेशनल हाईवे और बस स्टॉप तक पहुंचने के लिए गांव के पास यही मुख्य रास्ता है। खेत से घर लौटना हो, काम पर जाना हो या बस पकड़नी हो, ग्रामीणों को इसी सड़क से गुजरना पड़ता है। बारिश के दिनों में यही गड्ढे पानी और कीचड़ से भर जाते हैं, तब इस रास्ते से गुजरना और मुश्किल हो जाता है। सड़क की हालत अब गांव के लोगों के लिए रोज की परेशानी बन चुकी है।

हरिद्वार:विकासखंड बहादराबाद की ग्राम पंचायत सजनपुर पीली के सजनपुर गांव का बदहाल मुख्य मार्ग


शुभम कुमार, राम सिंह, सत्येंद्र, सुनील पाल, सुशील पाल और प्रदीप सैनी ने बताया कि सड़क बनने के बाद से दोबारा काम नहीं हुआ। गड्ढे बढ़ते गए और रास्ता बदहाल होता चला गया। ग्रामीणों ने मुख्य संपर्क मार्ग का निर्माण कराने की मांग की है।


ग्राम प्रधान सजनपुर पीली रूबी देवी ने बताया कि संपर्क मार्ग को बनवाने के लिए कई बार संबंधित अधिकारियों से गुहार लगाई जा चुकी है। ग्राम पंचायत की ओर से भी इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन लंबे संपर्क मार्ग का निर्माण ग्राम पंचायत के सीमित बजट में संभव नहीं है। इसके लिए ऊपर के स्तर से ही बजट की व्यवस्था हो सकती है।करीब 15 साल से सड़क के दोबारा बनने का इंतजार कर रहा सजनपुर गांव अब भी इसी मुख्य रास्ते के सहारे है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *