ट्रॉली बैग में छिपाकर ले जा रहे थे 32 किलो गांजा, तीन गिरफ्तार

0

कनखल में पुलिस ने पकड़ी बड़ी खेप, एक-एक किलो के पैकेट बनाकर कपड़ों के बीच…

IMG_20260923_131534

Oplus_131072

कनखल में पुलिस ने पकड़ी बड़ी खेप, एक-एक किलो के पैकेट बनाकर कपड़ों के बीच छिपाया था गांजा; कहां से आया और कहां खपना था, जांच में जुटी पुलिस

सूर्या संदेश
हरिद्वार। कपड़ों से भरे ट्रॉली बैग लेकर पैदल जा रहे तीन लोगों पर पुलिस को शक हुआ तो तलाशी ली गई। बैग खुलते ही मामला सामने आ गया। दो ट्रॉली बैग और एक कट्टे में करीब एक-एक किलो के पैकेट बनाकर छिपाया गया 32 किलो 99 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।


पुलिस के मुताबिक, 23 सितंबर को कनखल पुलिस की टीम श्रीयंत्र पुल के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान श्रीयंत्र पुल से बैरागी कैंप की ओर पैदल जा रहे तीन संदिग्ध लोगों को रोककर तलाशी ली गई। उनके पास मौजूद दो ट्रॉली बैग और एक सफेद कट्टे में टेप से लिपटे गांजे के पैकेट मिले।


शुरुआती जांच में सामने आया कि गांजे को छोटे-छोटे पैकेटों में बांटा गया था। पुलिस और लोगों की नजर से बचने के लिए कपड़ों के ट्रॉली बैग का इस्तेमाल किया जा रहा था। बरामदगी के बाद तीनों के खिलाफ कनखल कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है।


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिपेश पुत्र गोल्डन झा निवासी बैरागी कैंप, कनखल, हरिद्वार, रणजीत लाकड़ा पुत्र विशु लाकड़ा निवासी ठोकर नंबर 10 क्षेत्र, कनखल और आदित्य राय पुत्र मुकेश राय निवासी मीना बाजार, लोहाघाट, चम्पावत के रूप में हुई है।


पुलिस के मुताबिक, दिपेश के पास से 11 किलो 35 ग्राम, रणजीत के पास से 14 किलो 32 ग्राम और आदित्य के पास से 7 किलो 32 ग्राम गांजा बरामद हुआ। तीनों के पास से कुल 32 किलो 99 ग्राम गांजा मिला।


अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की इतनी बड़ी खेप आखिर कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर सप्लाई से जुड़े दूसरे लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
कार्रवाई एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *