तीन बस्तियों में स्वच्छता को लेकर 125 लोगों ने लिया संकल्प
गीला-सूखा कचरा अलग रखने और एक बार इस्तेमाल होने वाली प्लास्टिक का उपयोग घटाने पर जोर

सूर्या संदेश
हरिद्वार। कचरा कहां जाए, कैसे अलग हो और प्लास्टिक का इस्तेमाल कितना कम किया जाए? ये सवाल अब केवल सफाई व्यवस्था तक सीमित नहीं, बल्कि हर घर से जुड़े हैं। इन्हीं सवालों पर कनखल और ज्वालापुर की तीन बस्तियों में लोगों के बीच चर्चा हुई, जहां करीब 125 लोगों ने स्वच्छता को लेकर अपनी जिम्मेदारी निभाने पर सहमति जताई।
निर्मल हरिद्वार परियोजना के तहत डेवलपमेंट अल्टरनेटिव्स संस्था और आदर्श युवा समिति के सहयोग से कनखल की इंद्रा बस्ती, संदेश नगर और ज्वालापुर के त्रिमूर्ति नगर में बैठकें की गईं। इनमें लोगों से गीले और सूखे कचरे को अलग रखने, खुले में कचरा नहीं डालने और एक बार इस्तेमाल होने वाली प्लास्टिक का उपयोग कम करने को कहा गया।

बैठक में बताया गया कि गीले और सूखे कचरे को घर पर ही अलग रखने से गीले कचरे से खाद बनाने और सूखे कचरे को दोबारा उपयोग में लाने में मदद मिलती है। लोगों से प्लास्टिक कचरा खुले में नहीं फेंकने और इसके बजाय कपड़े तथा बार-बार इस्तेमाल किए जा सकने वाले विकल्प अपनाने की अपील की गई।
इस दौरान स्थानीय लोगों ने अपने क्षेत्रों में सफाई और कचरा उठाने से जुड़ी समस्याएं भी सामने रखीं। इन समस्याओं पर चर्चा की गई और उपलब्ध व्यवस्था के अनुसार समाधान की जानकारी दी गई।
अंत में लोगों ने अपने आसपास सफाई रखने, कचरा अलग करने और दूसरे लोगों को भी इसके लिए जागरूक करने में सहयोग का भरोसा दिया।

