नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर चोरी किया 120 किलो पीतल, माल बेचकर खरीदी अपाचे बाइक

0
IMG-20260924-WA0020

सूर्या संदेश

लक्सर (हरिद्वार)। नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर दो लोगों को बेहोश किया और फिर चरखी गोदाम से करीब 120 किलो पीतल चोरी करने का मामला सामने आया है। चोरी का माल बेचकर मिले पैसों से 22 हजार रुपये डाउन पेमेंट देकर अपाचे बाइक भी खरीद ली। लक्सर कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़कर उनके पास से करीब 25 किलो पीतलनुमा धातु और पाइप, 1500 रुपये और चोरी के माल से खरीदी गई अपाचे बाइक बरामद की है।


पुलिस के मुताबिक, 25 अगस्त को तीनों आरोपी चरखी गोदाम पहुंचे थे। पहले गोदाम के आसपास घूमकर पूरी जानकारी ली। इसके बाद नशीली कोल्ड ड्रिंक मिस्त्री मुल्ला और अशोक मुंशी को पिला दी। दोनों के बेहोश होने के बाद अशोक मुंशी की जेब से आलमारी की चाबी निकाल ली। वहां रखे पीतलनुमा धातु और पाइप के करीब तीन कट्टे उठाए और अशोक मुंशी की बाइक लेकर भाग गए।


चोरी का कुछ माल अलग-अलग जगहों पर करीब 25 हजार रुपये में बेच दिया। इसी रकम में से 22 हजार रुपये डाउन पेमेंट देकर अपाचे बाइक खरीदी। बाकी करीब 25 किलो माल लक्सर में सीमेंट फैक्ट्री के पास गन्ने के खेत में छिपा दिया था। पुलिस को यह माल भी वहीं मिल गया।


पकड़े गए आरोपियों में विनीत पुत्र सोमपाल (19), निवासी ग्राम तेड़ा, थाना सिंघावली अहीर, जिला बागपत, उत्तर प्रदेश; टिंकू उर्फ कृष्ण पुत्र रोहतास (28), निवासी ग्राम बगरा, थाना तितावी, जिला मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश और रविन्द्र पुत्र ओमवीर (26), निवासी ग्राम शिवनगर, थाना किला, जिला पानीपत, हरियाणा शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, वारदात में शामिल चौथा साथी चोरी की स्प्लेंडर बाइक लेकर फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *