हरिद्वार में ई-बसों की दस्तक, लालढांग तक पहुंचेगा नेटवर्क
Oplus_131072
37 बसों से शहर के साथ आसपास के इलाकों को जोड़ने की तैयारी, कनखल, पुराना आरटीओ और सप्तऋषि भी होंगे नेटवर्क में शामिल
सूर्या संदेश
हरिद्वार। हरिद्वार में प्रस्तावित ई-बस सेवा का दायरा शहर से आगे बढ़ाने की तैयारी है। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत जिले को आवंटित 37 बसों के नेटवर्क में लालढांग को भी जोड़ने की कवायद की जा रही है। इसके साथ कनखल चौक, पुराना आरटीओ और सप्तऋषि क्षेत्र को भी ई-बस सेवा से जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।
शुक्रवार को सीसीआर भवन में संपन्न हुई बैठक में मेलाधिकारी सोनिका और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की संयुक्त अध्यक्षता में योजना की समीक्षा हुई। प्रस्तावित रूट, बसों की तैनाती, बस स्टॉप, चार्जिंग और डिपो व्यवस्था पर चर्चा की गई।

योजना के मुताबिक 9 मीटर लंबी, 30 सीटर और वातानुकूलित 37 बसें करीब 15 किलोमीटर के मुख्य शहरी क्षेत्र में सर्कुलर सेवा देंगी। इसके साथ सात फीडर रूट होंगे। इनके जरिए शहर के साथ औद्योगिक इलाकों और प्रमुख तीर्थ मार्गों को जोड़ने का खाका तैयार किया गया है।
सर्कुलर रूट हरिद्वार रेलवे स्टेशन से ऋषिकुल, भगत सिंह चौक, बीएचईएल सेक्टर-2, ज्वालापुर, दुर्गा चौक, शंकराचार्य चौक, सिंहद्वार और तुलसी चौक होते हुए वापस स्टेशन तक प्रस्तावित है। रोशनाबाद, बहादराबाद और पतंजलि समेत अन्य इलाके फीडर रूटों से जुड़ेंगे। शांतिकुंज के साथ लालढांग दिशा को भी नेटवर्क में शामिल करने की तैयारी है।

शुरुआती चरण में सर्कुलर रूट के अलावा रोशनाबाद, बहादराबाद और पतंजलि कॉरिडोर पर बस संचालन को प्राथमिकता दी जाएगी। इन मार्गों पर बसों के बीच करीब दस मिनट का अंतर रखने का लक्ष्य है। यात्रियों की सुविधा के लिए प्रस्तावित रूटों पर बस स्टॉप तैयार किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने प्रस्तावित रूट में संशोधन करते हुए कनखल चौक, पुराना आरटीओ और सप्तऋषि क्षेत्र को भी नेटवर्क में शामिल करने के निर्देश दिए। साथ ही चार्जिंग और डिपो की व्यवस्था समय से पूरी करने को कहा।

