हाईवे पर गिरा पांच टन का केबल बंडल, गनीमत रही टला बड़ा हादसा

1
IMG_20260826_110424

Oplus_131072


श्यामपुर। हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर पीली नदी और छैलपीपली के बीच निर्माणाधीन हाथी कॉरिडोर के पास बुधवार को उस समय बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब वन-वे मोड में चल रहे यातायात के बीच एक चलते ट्रॉले से करीब पांच टन वजनी इलेक्ट्रिक केबल का बंडल अचानक लुढ़ककर हाईवे पर जा गिरा।

भारी-भरकम बंडल सड़क के बीचों-बीच गिरते ही हाईवे का करीब आधा हिस्सा देखते ही देखते अवरुद्ध हो गया। गनीमत रही कि बंडल गिरने के दौरान कोई वाहन या राहगीर उसकी चपेट में नहीं आया।


निर्माणाधीन हाथी कॉरिडोर के चलते इस हिस्से में यातायात को वन-वे मोड में संचालित किया जा रहा है। मार्ग पर पहले से वाहनों का दबाव बना रहता है। ऐसे में अचानक करीब पांच टन का बंडल सड़क पर गिरने से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया और यातायात प्रभावित हो गया। कुछ समय तक वाहन चालकों को बंडल के आसपास से सावधानीपूर्वक निकलना पड़ा।


मौके पर मौजूद ट्रॉला चालक बुट्टी लाल यादव ने बताया कि दो अलग-अलग ट्रॉले आगे-पीछे चल रहे थे। दोनों ट्रॉलों में काशीपुर स्थित गुप्ता पावर कंपनी से केबल के बंडल लादकर भगवानपुर, रुड़की, हरिद्वार स्थित गोदाम ले जाए जा रहे थे। उनके ट्रॉले में भी पांच-पांच टन के पांच बंडल लदे थे। उनका ट्रॉला पीछे चल रहा था कि अचानक बंडल को ट्रॉले में बांधकर रखने वाली सपोर्ट टूट गई। सपोर्ट टूटते ही एक बंडल अनियंत्रित होकर लुढ़कता हुआ हाईवे पर जा गिरा।


चालक ने बताया कि घटना की सूचना कंपनी और वाहन स्वामी को दे दी गई है। क्रेन की मदद से बंडल को दोबारा ट्रॉले पर लादकर गंतव्य के लिए रवाना किया जाएगा।


निर्माण कार्य के कारण संकरे और वन-वे किए गए हाईवे पर पांच टन के बंडल के अचानक गिरने से स्थिति कुछ देर के लिए बेहद गंभीर हो गई। हालांकि, किसी वाहन या राहगीर के उसकी चपेट में नहीं आने से बड़ी अनहोनी टल गई।

1 thought on “हाईवे पर गिरा पांच टन का केबल बंडल, गनीमत रही टला बड़ा हादसा”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *