हरिद्वार ग्रामीण में विकास के श्रेय पर सियासी घमासान, विधायक अनुपमा रावत के फीता काटने पर उठे सवाल
Oplus_131072
गुर्जर बस्ती की दो सड़कों को लेकर आमने-सामने भाजपा-कांग्रेस, ग्राम प्रधान बिशमिल्ला ने पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद के प्रयासों का दिया हवाला
सूर्या संदेश
श्यामपुर/लालढांग। हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के श्रेय को लेकर राजनीतिक खींचतान एक बार फिर चर्चा में है। कांग्रेस विधायक अनुपमा रावत के गुर्जर बस्ती गैंडीखाता और गाजीवाली में सड़कों का फीता काटने पहुंचने पर गैंडीखाता की ग्राम प्रधान बिशमिल्ला ने सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि गुर्जर बस्ती की जिन दो सड़कों को स्वीकृत कराने के लिए पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने प्रयास किए, अब उन्हीं सड़कों को लेकर श्रेय लेने की कोशिश की जा रही है।
ग्राम प्रधान गेंडीखात्ता बिशमिल्ला ने बताया कि पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने 15 फरवरी 2025 को लोक निर्माण विभाग के मंत्री सतपाल महाराज को पत्र लिखकर राज्य योजना के तहत गुर्जर बस्ती गैंडीखाता में तीन सड़कों के निर्माण की मांग की थी। उनके अनुसार, इनमें से दो सड़कों को वित्तीय स्वीकृति मिली है। पहली सड़क मस्तू कसाना के घर से सफी कसाना के घर तक और दूसरी सड़क शमशेर कसाना के घर से मीर हमजा के घर तक प्रस्तावित है। अपने दावे के समर्थन में ग्राम प्रधान ने कुछ प्रपत्र भी दिखाए हैं। उन्होंने बताया कि इन दस्तावेजों को वह अपनी सोशल मीडिया पोस्ट पर भी साझा करेंगी, ताकि ग्रामीणों के सामने इस मामले से जुड़े तथ्य रखे जा सकें।

ग्राम प्रधान ने विधायक अनुपमा रावत के फीता काटने पर नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि उनके साढ़े चार साल के कार्यकाल में वन गुर्जर समुदाय के बीच अपेक्षित विकास कार्य नहीं हुए। बिशमिल्ला का कहना है कि अब पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद के प्रयासों से जुड़ी सड़कों को लेकर श्रेय का सवाल उठ रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को इस मामले की जानकारी दी जाएगी, ताकि उन्हें पता चल सके कि इन सड़कों के प्रस्ताव और स्वीकृति के लिए किसने प्रयास किए।

हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच श्रेय की खींचतान का यह मामला अब गुर्जर बस्ती की दो सड़कों तक पहुंच गया है। ग्राम प्रधान बिशमिल्ला के आरोपों के केंद्र में यही सवाल है कि जिन सड़कों के लिए स्वामी यतीश्वरानंद ने प्रयास किए, उनके उद्घाटन को लेकर विधायक अनुपमा रावत की भूमिका को किस रूप में देखा जाना चाहिए। इस संबंध में विधायक का पक्ष सामने आने पर उनका नजरिया भी पाठकों के सामने रखा जा सकेगा।
ग्राम प्रधान बिशमिल्ला ने कहा कि वह इस मामले में ग्रामीणों के बीच अपनी बात रखेंगी। फिलहाल, उनके आरोपों ने हरिद्वार ग्रामीण में विकास कार्यों के श्रेय को लेकर चल रही राजनीतिक बहस को फिर चर्चा में ला दिया है।
📰 हर खबर पर रखिए अपनी नज़र! ❤️ Like 👍 करें, 📲 Share करें और 💬 Comment में अपनी राय जरूर दें।
आपकी खबर, आपकी आवाज़ — आपका सूर्य संदेश! 🗞️ 🌐 https://suryasandesh.com/

