गांव में पहुंची न्याय की चौखट, कानूनी मदद से स्वास्थ्य जांच तक मिली सुविधा

0
IMG_20261010_193915

Oplus_131072

इक्कड़ कलां में बहुउद्देशीय विधिक जागरूकता एवं स्वास्थ्य शिविर, सरकारी योजनाओं और जरूरी कागजात की जानकारी दी गई; 60 दिवसीय अभियान में जरूरतमंदों की पहचान कर मदद पहुंचाई जाएगी

सूर्या संदेश
हरिद्वार। सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने और कानूनी मदद की जानकारी के लिए भटकने की जरूरत न पड़े, इसके लिए शनिवार को बहादराबाद ब्लॉक के इक्कड़ कलां गांव में विशेष शिविर लगाया गया। यहां ग्रामीणों को कानूनी सहायता, स्वास्थ्य जांच और सरकारी योजनाओं की जानकारी एक ही जगह दी गई। बहुउद्देशीय विधिक जागरूकता एवं स्वास्थ्य शिविर में जरूरी कागजात बनवाने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने से जुड़े कामों में भी मदद की गई।


जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष नरेंद्र दत्त ने कहा कि न्यायपालिका जनता के लिए है। लोगों की समस्याएं सुनना और जरूरतमंदों तक कानूनी मदद पहुंचाना उसकी अहम जिम्मेदारी है। उन्होंने ‘न्याय चला निर्धन की ओर’ की भावना के साथ जरूरतमंदों को सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

जनपद न्यायाधीश/ अध्यक्ष जि.वि.से.प्रा.हरिद्वार नरेंद्र दत्त

शिविर में ग्रामीणों को बताया गया कि किन लोगों को मुफ्त कानूनी सहायता मिल सकती है। कानून के तहत पात्र महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों, असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले श्रमिकों और गरीब लोगों को यह मदद दी जा सकती है।

ग्रामीणों को शिक्षा योजना, स्पृहा योजना, मानव और वन्यजीव संघर्ष से प्रभावित लोगों के लिए सहायता योजना तथा वीर परिवार सहायता योजना की जानकारी भी दी गई। बाल विवाह रोकने के लिए किए जाने वाले प्रयासों के बारे में भी बताया गया।


ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और जरूरी कागजात तैयार कराने में भी मदद दी गई। इसके लिए स्वास्थ्य, समाज कल्याण, राजस्व, पंचायती राज, शिक्षा और बाल विकास विभागों ने स्टॉल लगाए। यहां राशन कार्ड, आधार कार्ड, श्रम कार्ड, पेंशन और विभिन्न प्रमाणपत्रों से जुड़े कामों की जानकारी दी गई। आवेदन भरने और परिवार रजिस्टर में नाम दर्ज कराने के लिए जरूरी कागजात के बारे में भी बताया गया।
शिविर में स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था भी की गई।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरके सिंह की देखरेख में ग्रामीणों की जांच हुई। लोगों को मुफ्त दवाइयां दी गईं और मौसमी बीमारियों से बचाव के उपाय बताए गए। मुख्य विकास अधिकारी एवं परियोजना निदेशक, जिला पूर्ति अधिकारी और बहादराबाद के खंड विकास अधिकारी ने भी ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत भुल्लर ने ग्रामीणों को सुरक्षा से जुड़ी जरूरी जानकारियां दीं। उन्होंने आपात स्थिति में पुलिस की मदद के लिए 112, महिला हेल्पलाइन 1090 और साइबर ठगी की शिकायत के लिए 1930 नंबर की जानकारी दी। उन्होंने नए आपराधिक कानूनों, यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा का पालन करने की अपील भी की।


इक्कड़ कलां में आयोजित यह शिविर 60 दिवसीय विशेष अभियान का पहला चरण था। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार की ओर से यह अभियान चलाया जा रहा है।

इसके तहत ग्राम विधिक सहायता केंद्रों और पराविधिक स्वयंसेवकों के माध्यम से घर-घर संपर्क किया जाएगा। इस दौरान जरूरतमंद लोगों की पहचान कर पात्र लोगों को मुफ्त कानूनी सहायता की जानकारी दी जाएगी और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में मदद की जाएगी।

सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार, सिविल जज
(एस. डी.) सिमरनजीत कौर

शिविर का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश नरेंद्र दत्त, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत भुल्लर ने दीप जलाकर किया। परिवार न्यायालय रुड़की के न्यायाधीश बीबी पांडेय ने भी अपने विचार रखे। अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सिमरनजीत कौर ने अधिकारियों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *