छत से महज चंद फीट ऊपर मौत का जाल, हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर झुलसा युवक

0
image_7d49ebf3

सूर्या संदेश
श्यामपुर/लालढांग। छत पर काम करते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आए 24 वर्षीय शुभम की जान बाल-बाल बची। कांगड़ी में लेंटर की शटरिंग खोलते समय उसे करंट का तेज झटका लगा और वह छिटककर पड़ोसी की छत पर जा गिरा। शुभम बुरी तरह झुलस गया। उसे मेला अस्पताल, हरिद्वार में भर्ती कराया गया है। उसका उपचार जारी है और वह अब खतरे से बाहर बताया जा रहा है।


हादसा शनिवार को कांगड़ी माता की मूर्ति के पास गली नंबर-4 में हुआ। शटरिंग खोलने का काम अंतिम चरण में था। लकड़ी का आखिरी तख्ता हटाते समय उसमें लगी लोहे की कीलें और तार छत से महज चंद फीट ऊपर गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गए। करंट का असर इतना तेज था कि मकान की पूरी वायरिंग जल गई और घर में रखे फोन भी खराब हो गए। पड़ोसी भविष्य जोशी घायल युवक को अपने निजी वाहन से अस्पताल ले गए।


मकान मालिक ओमप्रकाश के अनुसार, उन्होंने हाईटेंशन लाइन के खतरे को देखते हुए काम करने वालों को कई बार सावधान किया था। उनका दावा है कि शुभम ने यह कहकर चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया कि इस तरह का काम करना उसका रोज का काम है। ओमप्रकाश ने करीब डेढ़ वर्ष पहले कांगड़ी में पुराना मकान खरीदा था, जिसके ऊपर नए भवन का निर्माण कराया गया।

मौके पर हादसे के कारणों की जानकारी जुटाती कोतवाली श्यामपुर पुलिस

सूचना मिलने पर कोतवाली श्यामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई। श्यामपुर-कांगड़ी क्षेत्र में हाईटेंशन लाइनों के नीचे और उनके बेहद नजदीक हो रहे निर्माण ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटनास्थल के पास कुछ दिन पहले भी हादसा होने की जानकारी है। ऐसे में सवाल है कि संभावित खतरे के बावजूद इन स्थानों पर निर्माण कैसे जारी हैं और संबंधित विभागों की नजर इन पर क्यों नहीं पड़ी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *