कोटद्वार को मिली देहरादून के लिए नई बस सेवा की सौगात
सूर्या संदेश समाचार
कोटद्वार। कोटद्वार से देहरादून आने-जाने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। कोटद्वार और देहरादून के बीच जीएमओयू की बस सेवा शुरू करने को शासन से मंजूरी मिल गई है। लंबे समय से क्षेत्र के लोग इस मार्ग पर बस सेवा की मांग कर रहे थे।
निर्धारित समय के अनुसार बस सुबह सात बजे कोटद्वार से देहरादून के लिए रवाना होगी। वहीं, दोपहर दो बजे देहरादून से बस कोटद्वार के लिए चलेगी। बस सेवा शुरू होने से दोनों शहरों के बीच आने-जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।
इस सेवा का लाभ खास तौर पर विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों और रोजमर्रा के काम से देहरादून जाने वाले लोगों को मिलेगा। अभी कई लोगों को देहरादून जाने के लिए दूसरे साधनों पर निर्भर रहना पड़ता है।

बताया गया कि विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूड़ी भूषण ने बस सेवा शुरू करने का मामला मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और संबंधित विभाग के समक्ष उठाया था। शासन से मंजूरी मिलने के बाद अब सेवा शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।
ऋतु खण्डूड़ी भूषण ने बस सेवा को मंजूरी मिलने पर मुख्यमंत्री और संबंधित विभाग का आभार जताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में परिवहन सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आगे भी प्रयास जारी रहेंगे।

