खनन बंद होने से रोजगार पर संकट, लॉट की अवधि बढ़ाने की मांग तेज
श्यामपुर। विधानसभा हरिद्वार ग्रामीण के कई इलाकों में खनन कार्य बंद होने से इससे जुड़े श्रमिकों और स्थानीय लोगों की आजीविका प्रभावित होने लगी है। खनन लॉट की समय अवधि बढ़ाने की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों ने पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद को ज्ञापन सौंपकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार गेंडीखाता, लालढांग, श्यामपुर और चिड़ियापुर क्षेत्र में बड़ी संख्या में परिवार प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से खनन कार्य से जुड़े हैं। उनका कहना है कि खनन कार्य बंद होने के बाद इन परिवारों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है।
क्षेत्रवासियों ने ज्ञापन में कहा कि उत्तराखंड वन विकास निगम के स्वीकृत खनन लॉट में निर्धारित समय सीमा के भीतर ही कार्य किया जाता है। कई लॉट की अवधि पूरी हो चुकी है, जबकि कुछ की अवधि समाप्त होने के करीब है। इसके चलते खनन से जुड़े कामगारों को काम नहीं मिल पा रहा है।
ग्रामीणों ने मांग की कि जनहित को ध्यान में रखते हुए खनन लॉट की समय अवधि बढ़ाई जाए। उनका कहना है कि अवधि बढ़ने से स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा और खनन कार्य जारी रहने पर वन विकास निगम के राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी।

