पति ने बिना तलाक दूसरी शादी की, पत्नी के आरोपों पर पति सहित तो दो के खिलाफ केस
श्यामपुर। पति ने बिना तलाक दूसरी शादी कर ली… बात यहीं तक नहीं रुकी और मामला कानून की चौखट तक पहुंच गया। इस पूरे मामले को लेकर कांगड़ी निवासी एक महिला ने अपने पति पर दहेज के लिए परेशान करने, मारपीट करने और दूसरी शादी करने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर कोतवाली श्यामपुर पुलिस ने पति सुमित और रितू पत्नी सुमित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
महिला के मुताबिक, उसकी शादी 23 नवंबर 2023 को मुजफ्फरनगर निवासी सुमित के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद दहेज की मांग को लेकर उसे परेशान किया जाने लगा। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और उसे घर से निकाल दिया गया।
इसके बाद वह अपने मायके में रहने लगी
शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति ने वर्ष 2025 में रितू नाम की महिला से दूसरी शादी कर ली। उसके अनुसार, 9 जनवरी 2026 को उक्त महिला से एक बच्ची का जन्म हुआ और जन्म संबंधी अभिलेख में सुमित का नाम पिता के रूप में दर्ज है।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि 25 जून को उसका पति मायके पहुंचा और उसके साथ मारपीट करते हुए तलाक देने का दबाव बनाया। शोर होने पर उसकी मां और बहन ने बीच-बचाव किया।
कोतवाली प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि शनिवार को शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

