बुजुर्गों के लिए सिर्फ सम्मान नहीं, हक की जानकारी भी

0
IMG-20261001-WA0079

वरिष्ठ नागरिक दिवस पर हरिद्वार में विधिक जागरूकता और मेडिकल कैंप, लालढांग के रसूलपुर में भी पहुंची कानूनी मदद

सूर्या संदेश
हरिद्वार!उम्र बढ़ने के साथ जब सहारे की जरूरत बढ़ती है, तब कई बार अपने ही अधिकारों की जानकारी सबसे बड़ा सहारा बन जाती है। इसी सोच के साथ अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने वरिष्ठ नागरिकों को सम्मान देने के साथ उनके कानूनी अधिकारों और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी दी। शिवालिक नगर के होटल प्रशांत और ग्राम एकक्कड़ कलां में आयोजित कार्यक्रमों के साथ लालढांग क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर में भी विधिक जागरूकता शिविर लगाया गया।


जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार की सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) सिमरनजीत कौर की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों और कानून से जुड़ी जरूरी जानकारी दी गई। होटल प्रशांत, शिवालिक नगर में आयोजित कार्यक्रम में माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम, वृद्धावस्था पेंशन और निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में बताया गया। वरिष्ठ नागरिकों की समस्याएं भी सुनी गईं और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निःशुल्क कानूनी सहायता के लिए नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी भी दी गई।


ग्राम एकक्कड़ कलां में लीगल एड क्लीनिक के निरीक्षण के साथ स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से मेडिकल कैंप लगाया गया। यहां वरिष्ठ नागरिकों और ग्रामीणों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ रक्तचाप और शुगर की जांच की गई। जरूरत के अनुसार निशुल्क दवाएं भी दी गईं। लीगल एड क्लीनिक के माध्यम से ग्रामीणों की कानूनी समस्याएं सुनी गईं और पैनल अधिवक्ताओं तथा पैरा लीगल वालंटियर्स ने आवश्यक कानूनी जानकारी दी।


इसी क्रम में लालढांग क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर में भी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के आदेशानुसार विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर लगाया गया। इसमें वरिष्ठ नागरिकों को भरण-पोषण भत्ता, वृद्धावस्था पेंशन, निःशुल्क विधिक सहायता, स्थायी लोक अदालत की कार्यप्रणाली और नालसा हेल्पलाइन 15100 की जानकारी दी गई। राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं, प्रधानमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना और आरबीआई के नियमों के तहत वरिष्ठ नागरिकों को उपलब्ध बैंकिंग सुविधाओं के बारे में भी बताया गया।


वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयोजित इन कार्यक्रमों में कानून, स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी एक ही जगह उपलब्ध कराई गई। इससे वरिष्ठ नागरिकों को अपने अधिकारों और उनके लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी हासिल करने का अवसर मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *