सजनपुर पीली में खेत में घुसा हाथी, किसान को पटककर किया घायल; अस्पताल में मौत की सूचना

0
IMG20261008190937

शाम पांच बजे की घटना, वन विभाग ने हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा; ग्रामीणों में आक्रोश, हाईवे पर जुटे लोग

सूर्या संदेश
श्यामपुर/लालढांग!हरिद्वार के श्यामपुर क्षेत्र में गुरुवार शाम खेत में घास काट रहे किसान पर हाथी ने हमला कर दिया। ग्राम पंचायत सजनपुर पीली के गांव बाहर पीली में शाम करीब पांच बजे हुई घटना में हाथी ने किसान को पकड़कर पटक दिया।

आसपास के लोगों के शोर मचाने पर वन विभाग को सूचना दी गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा।
इसके बाद किसान को निजी अस्पताल की एंबुलेंस से ज्वालापुर स्थित भूमानंद अस्पताल भेजा गया। सूत्रों के अनुसार अस्पताल पहुंचने के बाद किसान की मौत हो गई। हालांकि समाचार लिखे जाने तक संबंधित अधिकारियों की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी।


किसान की पहचान सतपाल (50) पुत्र भगवान सिंह निवासी बाहर पीली के रूप में बताई गई है। जानकारी के अनुसार सतपाल नेशनल हाईवे के किनारे खेत में घास काट रहे थे। खेत उन्होंने ठेके पर ले रखा था और वहां धान रखा हुआ था। इसी दौरान वन क्षेत्र की ओर से हाथी अचानक खेत में पहुंचा और उन पर हमला कर दिया।


घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों का कहना है कि हाथी पिछले कई दिनों से क्षेत्र में घूम रहा है और आबादी वाले इलाकों में पहुंच रहा है। कुछ दिन पहले बाहर पीली अड्डे पर भी हाथी ने एक थार वाहन को पलटने का प्रयास किया था। ग्रामीणों के मुताबिक हमलावर हाथी दंतैल है। घटना के बाद ग्रामीण बाहर पीली अड्डे पर हाईवे के पास एकत्रित हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रही है!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *