भैंस से टकराई टाटा सफारी, पीछे से टाटा सफारी को दूध के मिनी टैंकर ने मारी टक्कर
सूर्या संदेश
श्यामपुर/लालढांग ! हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर आवारा मवेशी वाहन चालकों के लिए जानलेवा खतरा बन रहे हैं। गुरुवार रात करीब आठ बजे बाहर पीली बस अड्डे के पास नजीबाबाद से हरिद्वार जा रही टाटा सफारी (UK 08 BD 8500) हाईवे पर घूमती भैंस से टकरा गई। टक्कर से टाटा सफारी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक और उसका साथी कार से उतरकर नुकसान देख ही रहे थे कि पीछे से आए दूध के मिनी टैंकर ने टाटा सफारी को जोरदार टक्कर मार दी। इससे कार का पिछला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

टक्कर के बाद मिनी टैंकर चालक मौके पर नहीं रुका और वाहन समेत तेजी से फरार हो गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी उसे पकड़ने के लिए वाहन के पीछे गए। गनीमत रही कि टाटा सफारी सवारों और आसपास मौजूद लोगों को गंभीर चोट नहीं आई। हादसे में भैंस की मौत हो गई।
हादसा बाहर पीली बस अड्डे से महज 50 मीटर दूर हुआ। उस समय अड्डे पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे और मौके पर पुलिस भी थी। गुरुवार को गांव में हाथी के हमले में एक व्यक्ति की मौत के बाद ग्रामीण अड्डे पर जुटे थे। भीड़भाड़ वाले बस अड्डे के इतने करीब हुए हादसे से हाईवे पर मवेशियों की मौजूदगी को लेकर लोगों में आक्रोश बढ़ गया।
गौरतलब है कि दो-तीन दिन पहले भी श्यामपुर बस अड्डे के पास हाईवे पर पड़ी मृत भैंसों से बचने के प्रयास में ब्रेजा कार डिवाइडर से टकरा गई थी। करीब दस मिनट बाद एक एंबुलेंस भी मृत भैंसों से टकरा गई थी, जिसमें चालक घायल हो गया था। लगातार हो रहे हादसे बता रहे हैं कि हाईवे पर मवेशियों की मौजूदगी अब वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बन चुकी है।

