रसूलपुर मीठी बेरी में गुलदार के दो हमले, युवक और महिला घायल
सूर्या संदेश
श्यामपुर/लालढांग। ढंडियावाला से मीठी बेरी की ओर जा रहे युवक पर झपट्टा मारने के बाद गुलदार ने खेत से घर लौट रही महिला को भी घायल कर दिया। बुधवार को हुई इन घटनाओं से रसूलपुर मीठी बेरी ग्राम पंचायत क्षेत्र में दहशत फैल गई। ग्रामीणों के शोर मचाने पर गुलदार भागा। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
ग्राम प्रधान कमलेश द्विवेदी से मिली जानकारी के अनुसार, प्रवीण पुत्र शौकीन मोटरसाइकिल से मीठी बेरी जा रहा था। रास्ते में गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। किसी तरह जान बचाकर गांव की ओर भागे प्रवीण के बाद खेत से लौट रही सोनकता पत्नी पूरन सिंह, 50, पर भी गुलदार ने झपट्टा मार दिया। ग्रामीणों ने शोर मचाकर उसे भगाया। घायल महिला को 108 एंबुलेंस से हरिद्वार स्थित अस्पताल भेजा गया।
कमलेश द्विवेदी ने बताया कि क्षेत्र में वन्यजीव कुत्ते-बिल्लियों की तरह घूम रहे हैं। पहले भी गुलदार कई लोगों पर हमला कर चुका है, जिससे ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। उन्होंने संबंधित विभाग से निगरानी बढ़ाने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की। घटना की सूचना पर वन विभाग की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही है।

