सीबीएसई नेशनल हॉकी में श्री राम विद्या मंदिर हरिद्वार ने हासिल किया तीसरा स्थान
Oplus_131072
सूर्या संदेश
श्यामपुर/लालढांग। करनाल में आयोजित सीबीएसई बॉयज नेशनल हॉकी टूर्नामेंट में श्यामपुर स्थित श्री राम विद्या मंदिर की अंडर-19 टीम ने तीसरा स्थान हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। 8 से 14 अक्टूबर तक आयोजित प्रतियोगिता में टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए अपनी खेल प्रतिभा और सामूहिक तालमेल का परिचय दिया।
हॉकी कोच बलविंदर सिंह के अनुसार, अंडर-19 वर्ग में देश-विदेश की नौ टीमों ने प्रतिभाग किया। श्री राम विद्या मंदिर की टीम ने लीग मुकाबलों में ओमान की टीम को 14-0, राजस्थान की प्रिंस अकादमी को 8-1 और कोल्हापुर के संजय घोड़ावत इंटरनेशनल स्कूल को 25-0 से पराजित किया, जबकि तमिलनाडु की सच्चिदानंद स्कूल के साथ मुकाबला 2-2 से बराबर रहा। इन मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन के दम पर टीम ने सेमीफाइनल में जगह बनाई और अंततः प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त किया।
टीम के प्रदर्शन में कप्तान आयुष कलूड़ा की भूमिका उल्लेखनीय रही। उन्होंने मिडफील्ड में प्रभावशाली खेल दिखाया, जबकि वंश राणा, हर्ष जोशी, रक्षित चौहान और प्रिंस ने अग्रिम पंक्ति में योगदान दिया। रक्षापंक्ति में विराज चौधरी और दीपक सिंह रावत ने जिम्मेदारी संभाली। चोटिल होने के बावजूद विराज ने मैदान पर डटे रहकर टीम के लिए योगदान दिया। गोलकीपर शिवम और वंश रावत के साथ लक्ष्य, ऋषभ, पार्थ, दीपक शरण, माधव, शिव, शौर्य और अमन शरण ने भी टीम के प्रदर्शन में भूमिका निभाई।
विद्यालय के मैनेजर राजीव भल्ला और प्रधानाचार्या बबीता ए. श्रीनिवास ने टीम की उपलब्धि पर खिलाड़ियों को बधाई दी और भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।

