कांगड़ी फ्लाईओवर पर फिर हादसा, लोडर ट्रक की टक्कर से डिवाइडर से भिड़ी थार
सूर्या संदेश,
श्यामपुर/लालढांग। कांगड़ी फ्लाईओवर के पास शुक्रवार दोपहर एक तेज रफ्तार लोडर ट्रक ने थार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद अनियंत्रित हुई थार डिवाइडर से जा टकराई। हादसा हरिद्वार-नजीबाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। गनीमत रही कि थार में सवार दोनों व्यक्ति बाल-बाल बच गए और उन्हें कोई चोट नहीं आई।

जानकारी के अनुसार, थार नजीबाबाद से हरिद्वार की ओर जा रही थी। जैसे ही थार कांगड़ी फ्लाईओवर के नजदीक पहुंची, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार लोडर ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही थार अनियंत्रित हो गई और सीधे डिवाइडर से जा भिड़ी। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। हादसे के चलते कुछ देर तक यातायात भी प्रभावित रहा।

सूचना मिलने पर चांडी चौकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया और उन्हें कब्जे में ले लिया। वहीं, हादसे के बाद लोडर ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। थार में सवार दोनों व्यक्तियों के नाम और पते की जानकारी नहीं मिल सकी।
गौरतलब है कि कांगड़ी फ्लाईओवर पर सड़क हादसों का सिलसिला नया नहीं है। इससे पहले भी यहां कई गंभीर दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें लोगों की जान जाने के साथ कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। ऐसे में शुक्रवार को हुए हादसे में थार सवारों का सुरक्षित बच निकलना किसी बड़ी राहत से कम नहीं है।
