उत्तराखंड में ‘हीर रांझा’ की शूटिंग, श्यामपुर का खैरा ढाबा फिर चर्चा में
Oplus_131072
सूर्या संदेश
श्यामपुर/लालढांग। उत्तराखंड की प्राकृतिक खूबसूरती अब बॉलीवुड की एक और प्रेम कहानी के जरिए बड़े पर्दे पर नजर आएगी। प्रेम कहानी पर आधारित फिल्म ‘हीर रांझा’ की शूटिंग के लिए फिल्म यूनिट शनिवार को श्यामपुर पहुंची। यहां क्षेत्र के खैरा ढाबा परिसर में फिल्म के दृश्यों के फिल्मांकन की तैयारी की गई है। हालांकि, शनिवार को शूटिंग शुरू नहीं हो पाई। फिल्म के करीब 90 प्रतिशत दृश्य उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों और क्षेत्रों में फिल्माए जाने की योजना है।
फिल्म के लाइन प्रोड्यूसर अब्दुल पैन्यूली ने बताया कि फिल्म का निर्देशन साजिद अली कर रहे हैं, जबकि मुख्य भूमिका में रोहित श्रॉफ नजर आएंगे। फिल्म की अभिनेत्री के नाम का फिलहाल खुलासा नहीं किया गया है। बताया जा रहा है कि अभिनेत्री इस फिल्म के जरिए अपने अभिनय करियर की नई शुरुआत करेंगी। उत्तराखंड में बड़े पैमाने पर फिल्मांकन की योजना से प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों को भी फिल्म के माध्यम से पहचान मिलने की संभावना है।
श्यामपुर में फिल्मांकन के लिए खैरा ढाबा परिसर को चुना गया है। यह ढाबा पहले भी कई चर्चित हस्तियों की मेजबानी कर चुका है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष जय शाह अपने परिवार के साथ यहां भोजन करने पहुंच चुके हैं। वहीं, फिल्म अभिनेता अनुपम खेर का आगमन भी इस स्थान को पहले चर्चा में ला चुका है। अब फिल्म ‘हीर रांझा’ की शूटिंग के लिए चयन होने से यह स्थान एक बार फिर सुर्खियों में है।

श्यामपुर क्षेत्र की प्राकृतिक भौगोलिक बनावट भी फिल्म निर्माताओं के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकती है। एक ओर गंगा की अविरल धारा और दूसरी ओर आसपास फैला वन क्षेत्र इस इलाके को विशिष्ट प्राकृतिक पहचान देता है। हरियाली, शांत वातावरण और गंगा तट के आसपास का प्राकृतिक सौंदर्य फिल्मांकन के लिए बेहतर पृष्ठभूमि उपलब्ध कराता है। यदि भविष्य में भी बॉलीवुड फिल्मों की शूटिंग के लिए श्यामपुर और आसपास के क्षेत्रों को प्राथमिकता मिलती है तो इससे क्षेत्र की पहचान प्रदेश से बाहर तक पहुंच सकती है। साथ ही पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर विकसित होने की संभावनाएं भी बन सकती हैं।
