सरदार पटेल जयंती पर हरिद्वार में मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस
सूर्या संदेश
हरिद्वार। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर हरिद्वार में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार ने अधिकारियों और कर्मचारियों को देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई।

शनिवार, 31 अक्टूबर को आयोजित कार्यक्रम में आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प भी लिया गया। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की रियासतों का एकीकरण कर भारत को एकजुट करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी।

उनका जीवन राष्ट्र की एकता, समर्पण और देशहित के प्रति प्रतिबद्धता की प्रेरणा देता है।उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के विचारों और आदर्शों को अपनाकर देश की एकता और अखंडता को और मजबूत बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम में जिला सूचना अधिकारी रतीलाल शाह, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी आशीष वर्मा, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी वीरेंद्र राणा, प्रशासनिक अधिकारी रमेश चंद्र जोशी और नवीन मोहन भंडारी, प्रधान सहायक अंशुल चौहान एवं शशांक कश्यप सहित कलेक्ट्रेट के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
