लालढांग वन क्षेत्र में लगातार दौड़ रहे सरकारी वाहन, बढ़ी अधिकारियों की सक्रियता
Oplus_131072
सूर्या संदेश,
कोटद्वार। लैंसडौन वन प्रभाग की लालढांग रेंज में शनिवार को वन विभाग के अधिकारियों की सक्रियता अचानक बढ़ गई। रेंज कार्यालय और आसपास के वन क्षेत्रों में अधिकारियों की मौजूदगी के साथ ही विभागीय वाहनों की आवाजाही भी बढ़ी हुई दिखाई दी। वन विभाग की इस गतिविधि को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है। इसी बीच लालढांग क्षेत्र में हाथी दांत को लेकर भी चर्चाएं सामने आ रही हैं।
इस संबंध में जब प्रभारी प्रभागीय वनाधिकारी तरुण एस से संपर्क कर विभाग का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने हाथी दांत से जुड़ी चर्चाओं को स्पष्ट रूप से खारिज करते हुए कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है। उन्होंने रेंज स्तर पर स्थिति सामान्य होने की बात कही।

वहीं, स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि शनिवार को लालढांग रेंज कार्यालय और आसपास के वन क्षेत्रों में विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की आवाजाही काफी बढ़ी हुई दिखाई दी। ग्रामीणों के अनुसार, वन विभाग के सरकारी वाहनों की आवाजाही भी लगातार बनी रही और जंगलों में गश्त की गतिविधियां तेज रहीं। अधिकारियों की अचानक बढ़ी सक्रियता ने स्थानीय स्तर पर लोगों का ध्यान खींचा है।
वन विभाग के वाहनों की असामान्य आवाजाही, जंगलों में लगातार गश्त और अधिकारियों की अचानक बढ़ी सक्रियता को देखते हुए क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है। हालांकि, इन तमाम गतिविधियों के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर लालढांग वन क्षेत्र में अचानक इतनी सक्रियता की वजह क्या है?
