त्योहारों और चुनाव को लेकर पुलिस सतर्क, श्यामपुर में बैठक और शस्त्र जमा कराने के नोटिस

shampur-weapon-3.jpg

सूर्या संदेश

श्यामपुर/लालढांग। त्योहारों पर आपसी सौहार्द बनाए रखने और आगामी चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। श्यामपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ओर सर्वसमुदाय के लोगों के साथ बैठक कर शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील की, वहीं दूसरी ओर लाइसेंसी शस्त्र धारकों को अपने शस्त्र जमा कराने के नोटिस भी तामील कराए हैं।


लालढांग चौकी में हुई बैठक में पुलिस ने लोगों से एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए त्योहार मनाने का आग्रह किया। खास तौर पर सोशल मीडिया पर अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं को लेकर सतर्क रहने की हिदायत दी गई। पुलिस ने कहा कि किसी भी सूचना की पुष्टि किए बिना उसे साझा करने से बचें, ताकि क्षेत्र में अनावश्यक तनाव की स्थिति न बने। इसके साथ ही पटाखों की बिक्री और आतिशबाजी निर्धारित स्थानों पर ही करने तथा सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।


वहीं, आगामी चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर जिले में चल रही कार्रवाई के तहत श्यामपुर थाना क्षेत्र के लाइसेंसी शस्त्र धारकों को भी नोटिस तामील कराए गए हैं। उन्हें निर्धारित समयावधि में अपने शस्त्र संबंधित थाने अथवा तय स्थान पर जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।


कोतवाली प्रभारी नितेश शर्मा के अनुसार, थाना क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। त्योहारों और चुनाव के मद्देनजर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने की अपील की है। कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के विरुद्ध आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई भी जारी रहेगी।