चिड़ियापुर स्वागत द्वार समेत कुंभ के कार्यों की रोजाना मांगी रिपोर्ट

haridwar-kumbh-review-01.jpg

सूर्या संदेश

श्यामपुर/लालढांग। कुंभ-2027 की तैयारियों के तहत चिड़ियापुर में बन रहे स्वागत द्वार समेत हरिद्वार में चल रहे निर्माण कार्यों की रोजाना रिपोर्ट मांगी गई है। गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप ने अधिकारियों से काम की प्रगति बताने के साथ यह भी पूछा है कि बाकी काम कब तक पूरे होंगे। उन्होंने देरी या निर्माण की गुणवत्ता में कमी मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।

कुंभ कार्यों का निरीक्षण करते मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप


सोमवार को आयुक्त ने सबसे पहले चिड़ियापुर पहुंचकर निर्माणाधीन स्वागत द्वार का काम देखा। उन्होंने अधिकारियों से इसकी प्रगति पूछी और काम जल्द पूरा करने को कहा।
इसके बाद उन्होंने गौरीशंकर द्वीप में गंगा पर बन रहे अस्थायी पुल, बैरागी कैंप और गौरीशंकर क्षेत्र में चल रहे कामों का जायजा लिया। यह पुल गौरीशंकर और बैरागी कैंप के बीच आवाजाही के लिए बनाया जा रहा है।

आयुक्त ने पुल की मजबूती और सुरक्षा का ध्यान रखने को कहा। गौरीशंकर क्षेत्र में शिविरों के लिए जमीन समतल करने, सड़क बनाने और बिजली-पानी की व्यवस्था के काम भी देखे। गंगा कैनाल पर बन रहे बैली ब्रिज की स्थिति की जानकारी भी ली।


कुंभ के दौरान गौरीशंकर और बैरागी कैंप में श्रद्धालुओं, संतों और विभिन्न संस्थाओं के शिविर लगेंगे। इन शिविरों तक पहुंचने के रास्ते और जरूरी सुविधाएं समय पर तैयार करना प्रशासन के लिए अहम है।


देवपुरा में आयुक्त ने भवनों और दीवारों पर रंग-रोगन तथा सौंदर्यीकरण का काम देखा। उन्होंने तय रंगों के अनुसार पेंटिंग कराने और उपयुक्त स्थानों पर चित्र बनवाने को कहा।

मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप


निरीक्षण के दौरान विशेषज्ञ समन्वयक गंगा प्रसाद पंत, उप मेला अधिकारी मंजीत सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।