हरिद्वार के 244 स्कूलों में चला सुरक्षित बचपन अभियान, 1.17 लाख बच्चों तक पहुंची कानूनी जागरूकता
सूर्या संदेश
हरिद्वार। बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चलाए गए सुरक्षित बचपन अभियान के प्रथम चरण में हरिद्वार जिले के 244 स्कूलों के 1,17,605 छात्र-छात्राओं तक पहुंच बनाई गई। अभियान के तहत विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट, बाल अधिकारों, साइबर अपराध से बचाव और निःशुल्क कानूनी सहायता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) सिमरन जीत कौर ने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली और उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के तत्वावधान में संचालित इस अभियान के तहत स्कूलों में जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। बच्चों को किसी परेशानी या आपात स्थिति में मदद के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 और नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी भी दी गई।
अभियान में जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष नरेंद्र दत्त, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीशों, विशेष पॉक्सो न्यायाधीश, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट और अन्य न्यायिक अधिकारियों ने विभिन्न स्कूलों में जागरूकता शिविर आयोजित किए। प्राधिकरण की सचिव सिमरन जीत कौर ने भी विभिन्न स्कूलों में पहुंचकर जागरूकता कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया।
रुड़की और लक्सर तहसील क्षेत्रों में अपर जिला जजों, अन्य न्यायिक अधिकारियों तथा तहसील विधिक सेवा समितियों के सचिवों ने अभियान के तहत शिविर आयोजित किए।
अभियान के तहत हरिद्वार, रुड़की, लक्सर, नारसन, भगवानपुर, खड़खड़ी, श्यामपुर और बहादराबाद समेत जिले के विभिन्न क्षेत्रों को कवर किया गया। इसमें एसपी सदर हरिद्वार, डिप्टी कमांडेंट पीएसी, मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, बाल कल्याण समिति के सदस्य, एसजीपीयू, पुलिस एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ 65 पराविधिक स्वयंसेवकों (पीएलवी) और पैनल अधिवक्ताओं का सहयोग रहा।
