गाजीवाली-कांगड़ी में फिर सामने आई बरसात की परेशानी, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
श्यामपुर। हरिद्वार-नजीबाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे गाजीवाली और कांगड़ी में मंगलवार को ग्रामीणों ने अलग-अलग स्थानों पर सांकेतिक प्रदर्शन कर अपनी समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।

गाजीवाली में ग्राम प्रधान देवेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने हाईवे पर सुरक्षित कट दिए जाने के साथ बरसाती पानी की निकासी की व्यवस्था कराने की मांग रखी। ग्रामीणों का कहना था कि कट नहीं होने से आवागमन में परेशानी होती है, जबकि बारिश में हाईवे और वन क्षेत्र से आने वाला पानी गांव की ओर पहुंचता है।

मौके पर कोतवाली श्यामपुर के प्रभारी निरीक्षक नितेश शर्मा, नायब तहसीलदार अनिल गुप्ता, हल्का लेखपाल पंकज चौधरी और एनएचएआई के अधिकारी मौजूद रहे। ग्रामीणों से बातचीत के बाद अधिकारियों ने समस्या के समाधान का भरोसा दिया।

उधर, कांगड़ी में गली नंबर छह के सामने ग्रामीण जलभराव की समस्या को लेकर एकत्र हुए। ग्रामीणों का कहना है कि फोरलेन निर्माण के बाद बरसाती पानी की निकासी प्रभावित हुई है और बारिश का पानी गांव तथा खेतों की ओर आने की समस्या बढ़ी है।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने गाजीवाली और कांगड़ी पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों से समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। प्रदर्शन के दौरान हाईवे पर यातायात सामान्य रहा।



